Top News

दो दिन में गई दो मासूम बहनों की जान, दवा पर गंभीर लापरवाही का आरोप


News Expert - Ajay Verma 

धौलाना (हापुड़) गौतमबुद्ध नगर जिले के ऊंचा अमीरपुर गांव में महज 24 घंटे के भीतर दो सगी बहनों की मौत से मातम पसरा हुआ है। परिजनों का आरोप है कि धौलाना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) से दी गई गलत दवा ने उनकी बच्चियों की जान ले ली। गुस्साए ग्रामीणों ने अस्पताल के बाहर हंगामा कर धरना प्रदर्शन किया।

मिली जानकारी के अनुसार, ऊंचा अमीरपुर निवासी जितेंद्र उर्फ लक्की की पांच पुत्रियों में से 9 वर्षीय शिवांगी और 4 वर्षीय साक्षी को 5 अगस्त को त्वचा पर फुंसी-फोड़े की समस्या हुई। परिजन उन्हें धौलाना सीएचसी लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने दवा देकर घर भेज दिया।

दवा खाने के कुछ ही घंटों बाद दोनों बच्चियों के शरीर में सूजन आने लगी। अगले दिन 6 अगस्त को परिजन दोबारा अस्पताल पहुंचे और स्थिति से डॉक्टरों को अवगत कराया। इस बार दवा बदलकर दी गई, लेकिन तबीयत में सुधार नहीं हुआ।

बीते बृहस्पतिवार को शिवांगी की हालत अचानक गंभीर हो गई। उसे हापुड़ सीएचसी ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। शुक्रवार को छोटी बहन साक्षी की तबीयत भी बिगड़ गई। उसे हापुड़ सीएचसी से मेरठ मेडिकल रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसने भी अंतिम सांस ले ली।


दोनों मासूमों की मौत से गांव में मातम पसर गया। परिजन और ग्रामीण धौलाना सीएचसी पहुंचकर लापरवाही के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। सूचना पर तहसीलदार प्रवेश कुमार और पुलिस मौके पर पहुंचे और लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया। साक्षी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

गौरतलब है कि ऊंचा अमीरपुर गौतमबुद्ध नगर जिले में स्थित है, लेकिन धौलाना महज चार किलोमीटर की दूरी पर होने के कारण अधिकांश ग्रामीण वहीं इलाज कराते हैं। जबकि जिला अस्पताल गांव से लगभग 15 किलोमीटर दूर है।








Post a Comment

Previous Post Next Post