News Expert - Sushil Sharma
हापुड़ - रक्षाबंधन पर्व नजदीक आते ही बाजारों में मिठाइयों और दुग्ध उत्पादों की मांग तेज हो गई है। इस दौरान मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री पर नकेल कसने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग ने गुरुवार को जनपद के विभिन्न स्थानों पर औचक छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान विभाग ने कुल नौ खाद्य नमूने एकत्र कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे।
किन स्थानों से लिए गए नमूने?
टीयाली गांव स्थित रॉयल स्वीट एंड रेस्टोरेंट से मलाई घेवर व बालूशाही
कुचेसर रोड, चोपड़ा स्थित जिंदल किराना स्टोर से साबुत धनिया
अंकित डेयरी से पनीर
राजपुर गांव में शकील अहमद के प्रतिष्ठान से दो दूध व एक पनीर नमूना
कोठी गेट स्थित जिंदल स्वीट से घेवर
गांधीगंज स्थित बंसल ब्रदर्स से सोनपापड़ी
सभी नमूने विश्लेषण हेतु प्रयोगशाला भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद दोषी पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई में शामिल अधिकारी
इस विशेष अभियान की निगरानी सहायक खाद्य आयुक्त सुनील कुमार ने की। साथ में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी पंकज कुमार, खाद्य सुरक्षा अधिकारी प्रियंक श्रीवास्तव, सहरिश सादात, आर.पी. गंगवार, आर.पी. गुप्ता व सोमेंद्र सिंह भी मौजूद रहे।
त्योहार पर मिलेगी शुद्ध मिठास
खाद्य विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि रक्षाबंधन जैसे पावन पर्व पर जनता को शुद्ध, मिलावट रहित व सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए विभाग पूरी तरह सतर्क है। इस दौरान ऐसे प्रतिष्ठानों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है, जो मिठाई, दूध, पनीर या अन्य खाद्य सामग्री का उत्पादन या विक्रय करते हैं।
"मिलावटखोरों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। पर्वों पर लोगों को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य वस्तुएं मिलना ही चाहिए।" - सुनील कुमार, सहायक खाद्य आयुक्त







Post a Comment