News Expert - Sushil Sharma
एक घंटे में लाइट आ जाएगी - विद्युत कर्मी
हापुड़। शहरवासियों का सब्र सोमवार को उस समय टूट गया जब अचानक पूरे हापुड़ शहर की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। करीब तीन घंटे तक लगातार अंधेरे और पंखों के बंद पड़ने से परेशान लोगों ने दिल्ली रोड स्थित बिजलीघर का रुख किया और वहां जमकर हंगामा किया।
जानकारी के मुताबिक, आनंद विहार से आने वाली 33 हजार वोल्ट की लाइन दिल्ली रोड द्वितीय टूट गई, जिसके चलते पूरे शहर की बिजली गुल हो गई। अचानक आई इस समस्या से हापुड़ के हजारों घरों, दुकानों और बाजारों में अफरातफरी मच गई।
शहरवासी लगातार बिजली विभाग के फोन नंबर मिलाने की कोशिश करते रहे, लेकिन किसी भी अधिकारी से बात नहीं हो सकी। इससे आक्रोशित उपभोक्ता बिजलीघर पहुंच गए। वहां का नजारा और भी चौंकाने वाला था। एकमात्र कर्मचारी फोन पर लोगों को यह समझाते हुए नजर आया कि ‘एक घंटे में लाइट आ जाएगी।’
ग्राहकों का कहना था कि विभाग के अफसर न तो मौके पर दिखाई दे रहे हैं और न ही फोन उठा रहे हैं। इससे लोगों का गुस्सा और भड़क उठा। गर्मी और उमस से बेहाल बच्चे और बुजुर्ग सबसे ज्यादा परेशान रहे।
वहीं, विभागीय सूत्रों का कहना है कि लाइन की मरम्मत का कार्य युद्धस्तर पर जारी है और जल्द ही आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी। लेकिन तब तक शहरवासियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि बार-बार इस तरह की बिजली कटौती और विभाग की उदासीनता जारी रही, तो वे बड़े आंदोलन के लिए मजबूर होंगे।









Post a Comment