Top News

हाईकोर्ट के आदेश पर पक्केबाग से अतिक्रमण हटा, भारी पुलिस बल की मौजूदगी में चली कार्यवाही


News Expert - Sushil Sharma 

हापुड़। शहर की पक्केबाग गढ़ रोड पर वर्षों से झुग्गियों के रूप में फैल रहे अतिक्रमण पर आखिरकार पुलिस-प्रशासन ने सख्ती दिखाई। मंगलवार सुबह हाईकोर्ट के आदेश पर बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से बनी झुग्गि को हटाया गया।


मेरठ रोड पर भी अतिक्रमण का सिलसिला दीवान पब्लिक स्कूल से शुरू होकर कृषि इंटर कॉलेज तक पहुंच गया था। वहीं पक्केबाग निवासी ने अपने मकान के सामने बनी झुग्गी व अतिक्रमण को लेकर हाईकोर्ट में गुहार लगाई थी। अदालत ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अवैध कब्जा हटाने के आदेश दिए, जिसके बाद प्रशासन हरकत में आया।


मंगलवार सुबह एसडीएम इला प्रकाश, सीओ वरुण मिश्रा और कोतवाल देवेंद्र बिष्ट भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पहले से तैयारियां पूरी थीं ताकि अवैध झुग्गियों को हटाने के दौरान कोई विवाद न हो। प्रशासन की सख्ती के बीच कार्रवाई शांतिपूर्ण रही।


स्थानीय लोगों का कहना है कि झुग्गियों में रहने वाले लोगों ने न केवल सड़कों पर कब्जा जमा रखा है बल्कि छोटे खोखे वाले दुकानदारों को भी जबरन हटवा दिया है। यही नहीं, गरीबी का सहारा लेकर बसने वाले इन झुग्गियों में महंगे उपकरण तक मौजूद हैं। एसी, कूलर, इनवर्टर, टीवी, फ्रिज और वाशिंग मशीन का इस्तेमाल यहां खुलेआम होता है, जबकि ज्यादातर लोग बिजली चोरी कर मुफ्त में इनका लाभ उठाते हैं।


लोगों का कहना है कि एक तरफ आम नागरिक हर महीने बिजली के हजारों रुपये बिल भरते हैं, वहीं दूसरी ओर झुग्गियों में रहने वाले बिना कोई खर्च किए तमाम सुविधाएं भोग रहे हैं। हाईकोर्ट की सख्ती के बाद प्रशासन की कार्रवाई से स्थानीय निवासियों ने राहत की सांस ली है और उम्मीद जताई है कि अब सड़कें अतिक्रमण मुक्त होंगी।






Post a Comment

Previous Post Next Post