Top News

एसडीएम इला प्रकाश की सख्ती, बाबूगढ़ क्षेत्र में अवैध खनन पर बड़ी कार्रवाई, तीन डंपर जब्त


News Expert - Sushil Sharma 

हापुड़ - जिले में अवैध खनन पर अंकुश लगाने के लिए प्रशासनिक अमला पूरी तरह मुस्तैद दिखाई दे रहा है। बीती रात बाबूगढ़ थाना क्षेत्र में एसडीएम इला प्रकाश ने अचानक दबिश देते हुए मिट्टी से भरे तीन डंपरों को पकड़ लिया। इस कार्रवाई से खनन माफियाओं में हड़कंप मच गया है।


जानकारी के मुताबिक देर रात एसडीएम इला प्रकाश को बाबूगढ़ क्षेत्र में अवैध मिट्टी खनन की सूचना मिली थी। सूचना को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने तत्काल छापेमारी अभियान शुरू किया। पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर एसडीएम ने अवैध रूप से खनन कर ले जाई जा रही मिट्टी से भरे तीन डंपरों को पकड़ लिया। मौके पर चालक भागने की कोशिश करते नजर आए लेकिन पुलिस और प्रशासन की चौकसी के चलते सभी वाहन जब्त कर लिए गए।


एसडीएम इला प्रकाश ने स्पष्ट कहा कि जिले में अवैध खनन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। खनन माफियाओं के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि भविष्य में अवैध खनन करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।


पुलिस ने डंपरों को सीज कर संबंधित धाराओं में कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं प्रशासन की इस सख्ती से अवैध खनन करने वालों में डर का माहौल बन गया है। ग्रामीणों ने भी एसडीएम की इस तत्परता की सराहना करते हुए कहा कि लगातार चल रही ऐसी कार्रवाइयों से क्षेत्र में अवैध खनन की समस्या पर रोक लगेगी।






Post a Comment

Previous Post Next Post