News Expert - Sushil Sharma
बाबूगढ़ (हापुड़) - सोशल मीडिया पर दोस्ती कभी-कभी भयावह रूप ले सकती है। ऐसा ही मामला हापुड़ जनपद के बाबूगढ़ थाना क्षेत्र में सामने आया है, जहां पड़ोस में रहने वाले एक युवक ने महिला से इंस्टाग्राम पर दोस्ती की और फिर ब्लैकमेल कर कई बार दुष्कर्म किया। यही नहीं, आरोपी ने महिला के फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देकर 5 लाख रुपये की मांग भी कर डाली। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इंस्टाग्राम पर दोस्ती से शुरू हुई वारदात
पीड़िता के अनुसार, पड़ोसी युवक रविंद्र से उसकी बातचीत इंस्टाग्राम पर शुरू हुई थी। आरोपी बच्चों को पढ़ाने के बहाने अक्सर घर आता-जाता था। इसी दौरान उसने महिला से नजदीकियां बढ़ाईं।
घर में अकेली पाकर किया दुष्कर्म
पीड़िता ने आरोप लगाया कि 2 जुलाई 2025 को जब वह घर पर अकेली थी, तभी रविंद्र ने उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। इस दौरान उसने अश्लील फोटो और वीडियो भी बना लिए। घटना के बाद आरोपी ने धमकी दी कि अगर पुलिस से शिकायत की तो वह पीड़िता के पति और बच्चों को नुकसान पहुंचाएगा।
लगातार ब्लैकमेल, पैसों की वसूली
शिकायत में बताया गया है कि आरोपी ने महिला को लगातार ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। उसने कई बार जबरन शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डाला और धमकी देकर 20 हजार रुपये भी वसूल लिए। इतना ही नहीं, 8 सितंबर 2025 को आरोपी ने फोटो-वीडियो डिलीट करने के बदले 5 लाख रुपये की मांग की।
सोशल मीडिया पर वायरल की अश्लील सामग्री
जब महिला ने आरोपी की मांग मानने से इंकार कर दिया तो उसने पीड़िता की इंस्टाग्राम आईडी से अश्लील फोटो-वीडियो वायरल कर दिए। गांव के लोगों को जब इसकी जानकारी हुई तो उन्होंने पीड़िता के पति को बताया। इसके बाद पीड़िता ने हिम्मत जुटाकर पुलिस अधीक्षक को लिखित शिकायत दी।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी रविंद्र के खिलाफ दुष्कर्म, ब्लैकमेल और आईटी एक्ट सहित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।









Post a Comment