News Expert - Sushil Sharma
गाजियाबाद पुलिस ने सोमवार तड़के हरियाणवी इंडस्ट्री के चर्चित एक्टर और डायरेक्टर उत्तर कुमार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने सर्विलांस के जरिए लोकेशन ट्रैक कर अमरोहा स्थित उनके फार्महाउस पर सुबह करीब 4:30 बजे छापा मारा। उस दौरान आरोपी सो रहा था, जिसे पकड़कर हिरासत में ले लिया गया।
गिरफ्तारी पर बिगड़ी तबीयत
डीसीपी ट्रांस हिंडन निमिष पाटिल ने बताया कि आरोपी को गाजियाबाद लाया जा रहा है। वहीं सूत्रों का कहना है कि जेल जाने की आशंका से आरोपी की तबीयत अचानक बिगड़ गई। फिलहाल उसे इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पीड़िता ने लगाई थी गुहार, सीएम आवास पर आत्मदाह की कोशिश
6 सितंबर को पीड़िता नोएडा से लखनऊ पहुंची थी। वहां सीएम आवास के बाहर उसने पेट्रोल डालकर आत्मदाह की कोशिश की थी। बैरिकेडिंग (टैंगो-1) के पास पुलिसकर्मियों ने समय रहते बोतल छीनकर उसे बचा लिया। इस दौरान का वीडियो भी वायरल हुआ था।
उस वक्त अभिनेत्री ने खुलकर हरियाणवी गायक और डायरेक्टर उत्तर कुमार पर दुष्कर्म का आरोप लगाया था। पीड़िता का कहना था कि उसने 24 जून को गाजियाबाद के शालीमार गार्डन थाने में शिकायत दी, लेकिन एफआईआर दर्ज नहीं की गई। बाद में हाईकोर्ट के आदेश पर करीब 25 दिन बाद मुकदमा दर्ज हुआ।
आरोप– पहचान बनाने के नाम पर किया शोषण
पीड़िता मूल रूप से हापुड़ की रहने वाली है और फिलहाल नोएडा सेक्टर-53 में रहती है। वह हरियाणवी इंडस्ट्री की जानी-मानी कलाकार है, जिसे ‘राजी बोल जा’ गाने से खास पहचान मिली थी। अभिनेत्री का आरोप है कि अगस्त 2020 में एल्बम के दौरान मुलाकात के बाद उत्तर कुमार लगातार उसे ऑफिस बुलाता रहा और फिल्मों में मुख्य भूमिका देने का झांसा देकर शारीरिक शोषण करता रहा।
छापेमारी में लगी थीं तीन टीमें
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, एडिशनल पुलिस कमिश्नर आलोक प्रियदर्शी के निर्देश पर गाजियाबाद पुलिस की तीन टीमों ने अमरोहा में छापेमारी की थी। इसके बाद आखिरकार आरोपी उत्तर कुमार पुलिस की गिरफ्त में आ गया।
‘धाकड़ छोरा’ नाम से मशहूर
उत्तर कुमार का जन्म 7 अक्टूबर 1973 को गाजियाबाद में हुआ था। उन्होंने एशियन एकेडमी ऑफ फिल्म एंड टेलीविजन से एक्टिंग की ट्रेनिंग ली। 2004 में रिलीज हुई ‘धाकड़ छोरा’ फिल्म से उन्हें पहचान मिली। इसी कारण वे इंडस्ट्री में धाकड़ छोरा के नाम से मशहूर हो गए।









Post a Comment