Top News

तेज रफ्तार बस की ट्रैक्टर-ट्रॉली से भिड़ंत, चालक की मौके पर मौत


News Expert - Sushil Sharma 

हापुड़ - दिल्ली-लखनऊ नेशनल हाईवे पर शनिवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। हरे चारे से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली और सीतापुर डिपो की जनरथ बस आमने-सामने भिड़ गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रैक्टर चालक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।


जानकारी के अनुसार, ट्रैक्टर-ट्रॉली को कैलाश चंद (निवासी ग्राम रझेड़ा, थाना सिम्भावली) चला रहे थे। बस के टकराते ही कैलाश की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग घटनास्थल पर दौड़ पड़े। कोतवाली देहात पुलिस भी तुरंत मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

बस सीतापुर डिपो से चल रही थी और इसे चालक बलराम मिश्रा चला रहा था, जो कस्बा महोली, सीतापुर का निवासी है। पुलिस ने बस चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।


स्थानीय लोगों का कहना है कि बस तेज रफ्तार में थी, जिससे यह हादसा हुआ। हालांकि बस में सवार यात्रियों को किसी तरह की गंभीर चोट नहीं आई है। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और हादसे की रिपोर्ट तैयार की जा रही है। थाना प्रभारी विजय गुप्ता ने बताया कि मृतक के परिजनों से तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।







Post a Comment

Previous Post Next Post