News Expert - Sushil Sharma
हापुड़ - शनिवार देर रात हापुड़ जनपद के थाना देहात क्षेत्र में एनएच-9 पर बड़ा हादसा होते-होते टल गया। मेरठ से छिबरामऊ जा रहा खाद से लदा ट्रक (संख्या UP75 BT 0359) ततारपुर गोलचक्कर के पास अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में ट्रक चालक सुखदेव कुमार पुत्र रघुवीर सिंह निवासी नगला मऊ, थाना इटवा जनपद इटावा को मामूली चोटें आईं।
ट्रक पलटने की सूचना मिलते ही थाना देहात प्रभारी विजय गुप्ता अपनी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने तुरंत हालात का जायजा लिया और सबसे पहले चालक व परिचालक को घायल अवस्था में नजदीकी अस्पताल भिजवाया। इसके बाद उन्होंने हाईवे पर बिखरे खाद के सैकड़ों कट्टों को हटवाने और यातायात को सुचारू कराने की कमान संभाली।
तत्परता से खुला जाम
हादसे के चलते हाईवे पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई थी। भारी वाहनों की भीड़ के बीच अफरा-तफरी का माहौल था। विजय गुप्ता ने खुद मौके पर खड़े होकर यातायात व्यवस्था को नियंत्रित किया और टीम को दिशा-निर्देश देते हुए हाईवे पर लगे जाम को खुलवाया। पुलिसकर्मियों ने जेसीबी की मदद से पलटे ट्रक को हटवाया और कट्टों को सड़क से किनारे कराया।
लोगों ने की प्रशंसा
रात के अंधेरे और हादसे के बाद की भीड़भाड़ में थाना प्रभारी की सक्रियता से हाईवे पर व्यवस्था जल्द दुरुस्त हो गई। राहगीरों और वाहन चालकों ने विजय गुप्ता और उनकी टीम की सराहना की। लोगों का कहना था कि अगर पुलिस तुरंत मौके पर न पहुंचती तो हालात और बिगड़ सकते थे तथा बड़ा हादसा भी हो सकता था।
चालक खतरे से बाहर
थाना प्रभारी विजय गुप्ता ने बताया कि चालक को हल्की चोटें आई हैं और उसका इलाज कराया जा रहा है। ट्रक को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। हाईवे पर अब यातायात पूरी तरह से सामान्य है।









Post a Comment