News Expert - Sushil Sharma
हापुड़। थाना बाबूगढ़ क्षेत्र के गांव सिमरौली में जमीन के पुराने विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दोनों पक्षों में मारपीट हो गई, जिसमें एक महिला समेत तीन लोग घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने पीड़ित पक्ष की तहरीर पर दो नामजद और पांच अज्ञात आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गाजियाबाद के खेड़ीखेड़ा गांव निवासी विजेंद्र कुमार ने बताया कि उनकी गांव सिमरौली निवासी योगराज से काफी समय से जमीन को लेकर रार चल रही थी। 21 अगस्त को राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर पैमाइश की थी, जिसमें फैसला विजेंद्र के पक्ष में आया। इसी रंजिश को लेकर दूसरी ओर से हमलावर रुख अपनाया गया।
आरोप है कि रात में विजेंद्र अपने खेत पर भतीजे राकेश और उसकी पत्नी सोनिका के साथ मौजूद थे। तभी गांव के गुरुविंद्र और शेखर अपने पांच अन्य साथियों के साथ वहां आ धमके। सभी ने लाठी-डंडों से विजेंद्र, राकेश और सोनिका पर हमला बोल दिया। अचानक हुए हमले में सोनिका बुरी तरह घायल हो गईं, जबकि विजेंद्र और राकेश को भी चोटें आईं। जाते-जाते आरोपितों ने जान से मारने की धमकी भी दी। घटना के बाद ग्रामीणों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। सोनिका की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका उपचार जारी है।
थाना बाबूगढ़ प्रभारी निरीक्षक मुनीष प्रताप सिंह ने बताया कि पीड़ित पक्ष की शिकायत पर गुरुविंद्र, शेखर और पांच अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच चल रही है, जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।









Post a Comment