News Expert - Sushil Sharma
हापुड़ - सड़क हादसों पर अंकुश और ट्रैफिक नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए हापुड़ पुलिस ने गुरुवार देर शाम ततारपुर चौराहे पर सघन चेकिंग अभियान चलाया। सीओ ट्रैफिक राहुल यादव के नेतृत्व में थाना देहात प्रभारी विजय गुप्ता और पुलिस टीम ने ड्रिंक एंड ड्राइव अभियान के तहत वाहनों को रोककर चालकों की जांच की।
शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों पर कार्रवाई
चेकिंग के दौरान कई वाहन चालकों की अल्कोहल टेस्टिंग मशीन से जांच की गई। शराब के नशे में गाड़ी चलाते पाए गए चालकों के खिलाफ पुलिस ने मौके पर ही कड़ी कार्रवाई की। वाहनों को सीज किया गया और चालकों का भारी जुर्माना लगाया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर
10,000 रुपये तक का जुर्माना
ड्राइविंग लाइसेंस निलंबन
वाहन सीज
6 माह तक की जेल
जैसी कानूनी कार्रवाई हो सकती है।
संदिग्ध वाहनों की तलाशी
इस दौरान पुलिस ने संदिग्ध वाहनों की भी तलाशी ली। बिना कागजात, फर्जी नंबर प्लेट और संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त पाए गए वाहनों को हिरासत में लिया गया। पुलिस का कहना है कि कोई भी वाहन चालक नशे की हालत में गाड़ी चलाकर दूसरों की जिंदगी खतरे में नहीं डाल सकता।
पुलिस का सख्त संदेश
सीओ ट्रैफिक राहुल यादव ने कहा कि “नशे की हालत में वाहन चलाना सड़क पर मौत को दावत देना है। पुलिस ऐसे चालकों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। थाना देहात प्रभारी विजय गुप्ता ने बताया कि चेकिंग के दौरान आमजन को सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक किया गया और उनसे अपील की गई कि वे नो ड्रिंक एंड ड्राइव का संकल्प लें।
पुलिस ने यह भी साफ कर दिया कि यह अभियान नियमित रूप से चलेगा और नियम तोड़ने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।












Post a Comment