News Expert - Sushil Sharma
धौलाना क्षेत्र के रहने वाले युवक का थाना शिकारपुर क्षेत्र के देवराला गांव के जंगल में संदिग्ध परिस्थितियों में जला हुआ शव मिलने से हड़कंप मच गया। अधजले कपड़े और जूतों से शव की पहचान गाजियाबाद के धौलाना थाना क्षेत्र के गांव सिरोधन निवासी 25 वर्षीय सूफियान पुत्र इरफान अली के रूप में हुई।
दो महीने पहले हुआ था विवाद
परिजनों के अनुसार सूफियान गांव में शराब के ठेके के सामने दुकान चलाता था। करीब दो माह पहले गांव के ही नितिन बाटा से पैसे मांगने को लेकर विवाद हुआ था। उसी दौरान नितिन और उसके साथियों ने सूफियान व परिजनों पर हमला कर पथराव किया था। इस घटना में सूफियान समेत दो लोग घायल हुए थे।
नौकरी का झांसा देकर ले गया था युवक
परिवार का आरोप है कि छह दिन पहले गांव का रहने वाला पवन, सूफियान को नोएडा में नौकरी दिलाने का लालच देकर अपने साथ ले गया था। इसके बाद से ही वह लापता था। मंगलवार को बुलंदशहर में जंगल में उसका अधजला शव बरामद हुआ।
गांव में तनाव, पुलिस चौकसी
घटना की जानकारी मिलते ही गांव में तनाव फैल गया। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस और पीएसी बल को तैनात कर दिया गया है। एडिशनल एसपी विनीत भटनागर ने गांव पहुंचकर परिजनों से मुलाकात की और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया।
शिकायत पर होगी कार्रवाई
कपूरपुर थाना प्रभारी विनोद कुमार पांडे का कहना है कि अभी परिजनों की तरफ से औपचारिक शिकायत नहीं दी गई है। गांव की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है। शिकायत मिलते ही सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।









Post a Comment