News Expert - Sushil Sharma
हापुड़ - गढ़ रोड स्थित देवनंदिनी अस्पताल बुधवार सुबह उस समय सुर्खियों में आ गया, जब हार्ट अटैक से मरीज की मौत के बाद परिजन और अस्पताल स्टाफ आमने-सामने आ गए। आरोप है कि मौत के बाद परिजन जब लापरवाही का सवाल उठाने लगे तो डॉक्टर और कर्मचारियों ने उल्टा उन पर ही हाथ उठा दिया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
सुबह भर्ती हुआ मरीज, कुछ घंटों में मौत
जानकारी के अनुसार, मोहल्ला शक्ति नगर निवासी 60 वर्षीय नरेश चंद शर्मा को बुधवार सुबह करीब 7:30 बजे सीने में दर्द और हार्ट संबंधी दिक्कत के चलते परिजन अस्पताल लेकर पहुंचे थे। डॉक्टरों ने इलाज शुरू किया, लेकिन करीब ढाई घंटे बाद 10 बजे मरीज की मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिजन गुस्से में आ गए।
बिल चुकाने के बाद बढ़ा विवाद
परिजनों का कहना है कि बिल का भुगतान करने के बाद जब उन्होंने डॉक्टर से इलाज में लापरवाही को लेकर जवाब मांगा, तो पहले बहस हुई और देखते-देखते मामला हाथापाई तक पहुंच गया। आरोप है कि अस्पताल स्टाफ और गार्ड ने मिलकर परिजनों से मारपीट कर दी। इसमें दो महिलाएं और एक पुरुष घायल हो गए।
वीडियो ने खोला राज
घटना के दौरान मौजूद किसी शख्स ने मारपीट का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि अस्पताल स्टाफ परिजनों से धक्का-मुक्की कर रहा है।
पुलिस पहुंची, मामला शांत कराया
हंगामे की सूचना मिलते ही थाना सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह हालात को काबू में किया। घायलों को मेडिकल के लिए भेजा गया है।
थाना प्रभारी विजय गुप्ता ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। परिजनों की तहरीर पर विधिक कार्रवाई की जाएगी और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।









Post a Comment